नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान गुरुद्वारा बंगला साहिब में प्रदर्शनकारियों को शरण देने के मुद्दे पर डीएसजीएमसी ने अकाली दल (बादल) नेताओं पर झूठी जानकारी फैलाने का आरोप लगाया है।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान कई छात्र व प्रदर्शनकारी गुरुद्वारे पहुंचे थे, जिनमें कुछ घायल भी थे। सभी को प्रवेश दिया गया, दवा, लंगर व रात्रि विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वीडियो भी सोशल मीडिया पर उपलब्ध हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि परमजीत सिंह सरना और मनजीत सिंह गुरुद्वारा सेवादारों के खिलाफ गलत बयानबाजी कर यह झूठा आरोप लगा रहे हैं कि प्रदर्शनकारियों को शरण नहीं दी गई। डीएसजीएमसी पदाधिकारियों ने कहा कि सिख गुरुओं का संदेश मानवता की सेवा है और गुरु का घर किसी जरूरतमंद के लिए कभी बंद नहीं होता। गुरुद्वारा बंगला साहिब ने उसी परंपरा का पालन किया। ब्यूरो