शुक्रवार देर रात एमजी रोड पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। यहां अलग-अलग स्थानों पर शराब के नशे में धुत युवक युवतियों ने हंगामा किया। ऐसे में नशे में धुत युवक स्कॉरपियो लेकर फरार होने में कामयाब हो गए जबकि महिलाओं को पुलिस ने काबू कर लिया। यहां स्कॉरपियो सवार युवकों ने सड़क किनारे खड़े होकर अपनी कैब का इंतजार कर रहे युवक के साथ मारपीट की। इस दौरान पीड़ित युवक ने सड़क के दूसरी ओर खड़ी पुलिस को बुलवाया, लेकिन पुलिस के आते ही आरोपी गाड़ी लेकर पुलिस मौजूदगी में फरार हो गए।
मूल रूप से हिमाचल प्रदेश निवासी समीर एमजी रोड पर आए थे। उन्होंने दिल्ली जाने के लिए एमजी रोड से छत्तरपुर के लिए ओला कैब बुक करवाई थी। देर रात करीब 1.30 बजे वह सहारा मॉल के सामने अपनी कैब का इंतजार कर रहे थे। आरोप है कि इस दौरान उनके पास आकर एक स्कॉरपियो गाड़ी रुकी और उसमें शराब के नशे में धुत युवक गलत हरकत करने लगे।
जिसका उन्होंने विरोध किया। विरोध करते ही स्कॉरपियो में सवार तीनों युवक गाड़ी से नीचे उतर आए और उनसे मारपीट करने लगे। जिस पर उन्होंने सहारा मॉल के बाहर खड़े पुलिसकर्मियों को बुलवा लिया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रोड पार कर मौके पर पहुंची और मामला जानना चाहा तो इतनी देर में स्कॉरपियों में सवार तीनों युवक भाग निकले। उन्हें पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे पुलिस मौजूदगी में भी फरार होने में कामयाब हो गए।
हैरत की बात यह है कि सहारा मॉल के बाद दिल्ली से गुरुग्राम की ओर जाने वाले रोड पर डीएलएफ थाना पुलिस तो मौजूद रही, लेकिन गुरुग्राम से दिल्ली की ओर जाने वाले रोड पर डीएलएफ फेस-2 की थाना पुलिस नदारद रही। ऐसे में सीमा विवाद होने के चलते भी पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से न लेते हुए आरोपियों को फरार होने का मौका दिया।
उधर, एमजी रोड पर पुलिस ने हंगामा कर रही 7 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को महिला पुलिस ने गश्त के दौरान पाया कि एमजी रोड मैट्रो स्टेशन के पास 4 महिलाएं आपस में झगड़ा कर रही हैं। इस पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। महिलाओ की पहचान कालकाजी दिल्ली निवासी रूबी, चिराग दिल्ली निवासी सफीरा, करोल बाग निवासी सपना व कापसहेड़ा निवासी अंजू के रूप में हुई।
इसके अलावा गश्त के दौरान सिकंदरपुर मैट्रो स्टेशन के पास तीन महिलाएं आपस में झगड़ा कर रही थी। जिन्हें भी पुलिस ने मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। महिलाओं की पहचान आश्रम दिल्ली निवासी अंजू, संगम विहार दिल्ली निवासी मंजू व तुगलकाबाद निवासी याशमीन के रूप में हुई। महिला एएसआई मीनावती का कहना है कि मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
वहीं, शराब पीकर हंगामा करने पर शिवाजी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शुक्रवार को हेड कांस्टेबल दयाचंद गश्त पर थे। इस दौरान सब्जी मंडी के सामने 4 लोग शराब पीकर हंगाम कर रहे थे और आने जाने वाले लोगों को परेशान कर रहे थे। जिस पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर उन्हें हिरासत में ले लिया। मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान हरीनगर निवासी राहुल मिश्रा, भोड़ाकलां निवासी विशाल, एटा यूपी निवासी अरपन प्रताप सिंह व कुकडोला निवासी अंशुल प्रताप सिंह के रूप में हुई। हेड कांस्टेबल ने बताया कि शनिवार को चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से राहुल मिश्रा को जमानत मिल गई जबकि अन्य तीन आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।