ग्रेटर फरीदाबाद के पद्म नगर में नशे में धुत एक युवक ने हैंडपंप के हत्थे से हमला कर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। शव के पास बैठा युवक किसी को भी करीब आने पर जान से मारने की धमकी देता रहा। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह काबू पाकर उसे हिरासत में लिया। हत्या के पीछे घरेलू कलह बताई जा रही है।
भूपानी थाना क्षेत्र के पद्म नगर निवासी गोपाल उर्फ चेतराम का शुक्रवार सुबह किसी बात को लेकर पत्नी बबिता से विवाद हो गया। भाई पवन ने बताया कि इसके बाद गोपाल घर से निकल गया। सुबह 8 बजे शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा।
घर में पड़ा हैंडपंप का हत्था उठाकर उसने बबीता के सिर पर कई हमले किए। भाभी को बचाने के लिए दौड़े पवन को भी गोपाल ने हत्था लेकर दौड़ा लिया। लहूलुहान बबीता की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शव के पास बैठ कर गोपाल किसी के करीब आने पर हत्थे से उसकी भी जान लेने की धमकी देता रहा।
मौके पर पहुंचे खेड़ी चौकी इंचार्ज सत्य नारायण ने काफी मशक्कत के बाद गोपाल पर काबू किया। उसे हिरासत में लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पवन ने बताया कि विवाह के बाद से ही गोपाल और बबीता में लड़ाई होती रहती थी। मामला तलाक तक पहुंच गया था। एक साल पहले ही समझौते के बाद दोनों रजामंदी से एक साथ रहने को तैयार हुए थे। चौकी इंचार्ज सत्यनारायण ने बताया कि गोपाल का मेडिकल कराने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी।