ओल्ड राजेंद्र नगर में मंगलवार शाम नशे में धुत कार चालक ने एक के बाद एक छह लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में यूपीएससी की तैयारी कर रहे पांच छात्रों समेत कुल छह लोग जख्मी हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने नशे में धुत कार चालक को मौके पर पकड़ लिया और पिटाई कर दी। कार के सारे शीशे भी तोड़ दिए। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को लेडी हार्डिंग और आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां एक छात्र को छोड़कर बाकी की हालत स्थिर बनी हुई है। आरोपी की पहचान प्रेम कुमार (45) के रूप में हुई है।