- डेढ़ करोड़ के 604 फोन बरामद, दाे सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका जिले के सेक्टर-23 थाना पुलिस ने अमेजन की डिलीवरी के दौरान ट्रक से मोबाइल फोन की खेप चोरी करने वाले तीन आरोपियों एटा निवासी पंकज, आनंद और हाथरस यूपी निवासी मोहित को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने 604 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिसकी कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये है। आरोपियों ने ट्रक चालक के साथ मिलकर करीब 15 सौ मोबाइल फोन रास्ते में ही गायब कर दिए थे। पुलिस ट्रक चालक समेत अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि 20 जून को वेयरहाउस मैनेजर रवि ने द्वारका सेक्टर 23 थाने में ट्रक से मोबाइल फोन चोरी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम स्थित अमेजन वेयरहाउस से डिलीवरी के लिए एक ट्रक में करीब 45 सौ मोबाइल फोन लोड किए गए थे। रास्ते में ट्रक चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर लगभग 1500 मोबाइल चोरी कर लिए और बाकी गुरुग्राम में छोड़कर भाग गया।
जांच कर पुलिस ने फोन लेकर भागने में इस्तेमाल पिकअप गाड़ी की पहचान कर ली। जांच में पता चला कि उत्तर प्रदेश के नॉलेज पार्क थाना पुलिस पहले ही उस पिकअप वाहन और चोरी के कुछ मोबाइल फोन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। द्वारका पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस ने इनके निशानदेही पर उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के भिघेपुर गांव स्थित एक बगीचे में छापेमारी कर वहां छिपाकर रखे गए 604 मोबाइल फोन बरामद कर लिए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों आरोपी पहले भी विभिन्न राज्यों में मोबाइल फोन की खेप चोरी और हेराफेरी के मामलों में शामिल रहे हैं।