स्कूल ड्रेस बदलने के विरोध में सैनिक कॉलोनी स्थित सेंट जॉन स्कूल पर अभिभावकों ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और ड्रेस न बदलने के मांग उठाई। स्कूल निदेशक के आश्वासन के बाद गुस्साए अभिभावक शांत हुए।
सुबह साढ़े छह बजे ही अभिभावक स्कूल के बाहर एकत्रित होना शुरू हो गए। देखते ही देखते भीड़ हो गई। इसके बाद अभिभावकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। अभिभावक रोशन भाटिया ने बताया कि स्कूल से 12 तारीख को बच्चे की नई ड्रेस खरीदने के लिए नोटिस आया था।
उन्होंने बताया कि ड्रेस खरीदने के लिए लिए लाइन में भी लगे लेकिन दाम सुनकर होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि ड्रेस छह हजार रुपये की बताई गई, जिसमें दो कमीज, एक पेंट, एक कोट और एक ट्रेक सूट दिया जा रहा था। बाजार में इसकी कीमत आधी है।
अभिभावक गुलशन ने बताया कि अभी एक महीने पहले ही स्कूल की ड्रेस बदली गई थी, लेकिन फिर से ड्रेस बदलना स्कूलों की मनमानी को दर्शाता है। कमल जेठी ने बताया कि स्कूल प्रबंधन को तरह तरह के फंड देकर अभिभावक थक चुके हैं।
इस मनमानी के खिलाफ एक न एक दिन को सड़क पर उतरना ही था। उन्होंने कहा कि यदि ड्रेस के फैसले को स्कूल प्रबंधन ने वापस नहीं लिया तो वह 30 नवंबर को बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
सतीश, चंद्रजीत, राजेश मदान,अमरजीत, जसपाल सिंह आदि ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ड्रेस बेचने के नाम पर मोटी आमदनी कर रहा है। स्कूल किताब, ड्रेस या अन्य तरह का सामान खरीदने का दबाव नहीं बना सकता।
स्कूल के निदेशक डी सेठी ने अभिभावकों से 15 दिन का समय मांगा है। उन्होंने कहा की वह प्रबंधक से बातचीत कर इस समस्या का हल कराया जाएगा।