- धनी पंचायतों में शुमार कस्बे में कचरा प्रबंधन की नहीं पुख्ता व्यवस्था, बिजली बोर्ड के पास बढ़ता जा रहा गंदगी का ढेर
सद्दाम हुसैन
पिनगवां। पंचायत की आय और विकास कार्यों के मामले में जिले की संपन्न पंचायतों में शुमार पिनगवां में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था सवालों के घेरे में है। लंबे समय से डंपिंग यार्ड की मांग के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से कस्बे का कचरा मुख्य सड़क के किनारे खुले में डाला जा रहा है। बिजली बोर्ड के पास कचरे का ढेर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आसपास दुर्गंध, प्रदूषण और संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
- मुख्य मार्ग पर कचरे का अंबार, राहगीर परेशान
पिनगवां आसपास के दर्जनों गांवों का प्रमुख बाजार है। नूंह-बड़कली-फिरोजपुर झिरका मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन और लोग गुजरते हैं। ऐसे व्यस्त मार्ग के किनारे कचरा जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। होटल, मीट की दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों से निकलने वाला कचरा भी इसी स्थान पर डाला जा रहा है।
- आवारा कुत्तों का जमावड़ा बढ़ा रहा खतरा
कचरे के ढेर के आसपास आवारा कुत्तों के झुंड जमा रहते हैं। अचानक सड़क पर आने वाले कुत्तों के कारण वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना रहता है। कई बार कचरे में आग लगा दी जाती है, जिससे उठने वाला जहरीला धुआं मुख्य सड़क तक फैल जाता है और वाहन चालकों को आगे देखने में परेशानी होती है।
- थाने की प्रस्तावित जमीन भी बनी कचरा स्थल
जिस स्थान पर कचरा डाला जा रहा है, वह जमीन पिनगवां में प्रस्तावित पुलिस थाने के भवन के लिए चिन्हित बताई जा रही है। थाने का निर्माण शुरू नहीं होने के कारण खाली पड़ी जमीन पर लगातार कचरा जमा किया जा रहा है।
- लोग बोले—स्थायी डंपिंग यार्ड ही समाधान
साकिर खान, जावेद खान, आरिफ खान, रफीक खान, खुर्शीद अहमद सहित अन्य लोगों ने कहा कि पिनगवां में लंबे समय से डंपिंग यार्ड की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक स्थायी व्यवस्था नहीं हो पाई है। लोगों ने प्रशासन से जल्द स्थान निर्धारित कर डंपिंग यार्ड विकसित करने और मुख्य सड़क किनारे कचरा डालने पर रोक लगाने की मांग की है।
मामला संज्ञान में है। जल्द ही गंदगी हटाने की कार्रवाई की जाएगी और घर-घर से कचरा उठाने का कार्य शुरू कराया जाएगा।
- अंकित कुमार यादव, खंड एवं विकास पंचायत अधिकारी पिनगवां
फोटो कैप्शन:- सड़क किनारे लगे कूड़े के ढेर