इलाके में सड़क और जल निकासी व्यवस्था होगी मजबूत
आदित्य पाण्डेय
नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी-रिठाला क्षेत्र की अनधिकृत कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने के लिए सरकार ने नई परियोजना शुरू की है। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने शाहबाद एक्सटेंशन कॉलोनी, सेक्टर-17 रोहिणी में सड़क और आरसीसी साइड ड्रेन के निर्माण के लिए करीब 4.23 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। इससे इलाके में सड़क और जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी।
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने रोहिणी की अनधिकृत कॉलोनी क्षेत्र शाहबाद एक्सटेंशन में सड़क और ड्रेन निर्माण का काम शुरू कर दिया है। यह काम रिठाला विधानसभा के लिए पास हुआ है। परियोजना के तहत इलाके में पक्की सड़क बनाई जाएगी और उसके साथ आरसीसी साइड ड्रेन का निर्माण किया जाएगा, ताकि बारिश का पानी और गंदा पानी आसानी से निकल सके।
लंबे समय से थी सुविधाओं की कमी
शाहबाद एक्सटेंशन कॉलोनी लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझती रही है। इलाके की कई गलियों में पक्की सड़क नहीं होने या सड़कें टूटने के कारण लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है। बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं।