शहर में डे-नाइट लॉन टेनिस अकादमी की सुविधा न होने के कारण दिल्ली अकादमी की ओर रूख कर रहे खिलाड़ियों को अब यह सुविधा अपने ही शहर में मिल सकेगी।
सेक्टर-11डी स्थित डीपीएस में पहली डे-नाइट लॉन टेनिस अकादमी का निर्माण किया जा रहा है। इसमें चार अंतरराष्ट्रीय क्ले कोर्ट बनाए जा रहे हैं। इसका कार्य अंतिम चरण में है।
दिसंबर में इस अकादमी शुरुआत होगी। इसका फायदा लॉनटेनिस खिलाड़ियों और इस खेल को शौकिया तौर पर खेलने वाले लोगों को होगा। सेक्टर 12 खेल परिसर और मानव रचना यूनिवर्सिटी में में लॉनटेनिस के कोर्ट बनाए हुए हैं।
स्कूलों में कोर्ट बने हुए हैं लेकिन इनमें स्कूली बच्चों को ही प्राथमिकता दी जाती है। जबकि खेल परिसर में चल रही अकादमी केवल दिन में ही चलती है। ऐसे में नौकरी पेशा लोग खेल खेलने से महरूम रह जाते है। अब वह रात को यहां खेल कर अपना शौक व सपना पूरा कर सकते है।
डे-नाइट अकादमी के निदेशक संजीव मलिक ने बताया कि लॉन टेनिस को लेकर जिले के युवा उत्साहित है। इस खेल में खिलाड़ियों की संख्या भी बढ़ी है। करीब 250 से अधिक युवा इस खेल को सीख व खेल रहे है।
लेकिन यहां दिन की अकादमी और सुविधाएं अधिक नहीं होने की वजह से ही खिलाड़ियों को दिल्ली की ओर रूख करने पर मजबूर होना पड़ता है। इसमें उनका आने-जाने में समय भी खर्च होता है। अकादमी का उद्देश्य खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए सुविधाओं व अधिक से अधिक समय उपलब्ध कराना है।