ज्यादा आमदमी की लालसा में एक शख्स ने अपने मोबाइल में एक एप डाउन लोड किया लेकिन एप को एक्टिवेट कराने में उसे अपने गाढ़ी कमाई से हाथ धोना पड़ा। ठगों ने उसके खाते से हजारों रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर इंद्रपुरी थाना पुलिस मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है और ठगों का पता लगाने में जुट गई है।
पेशे से ड्राइवर दशघरा निवासी राकेश अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए कुछ दिन पहले अपने मोबाइल फोन पर रैपिडो कैप्टन नाम का एप डाउनलोड किया।
कार बुक होने पर ड्राइवर को एप किलोमीटर के हिसाब से पैसे देने की सर्विस देता है। राकेश एप पर अपना आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी और पेन कार्ड अपलोड कर दिया। एप पर आवेदन स्वीकृत बता रहा था। साथ ही 24 घंटे में सर्विस शुरू होने की बात लिखी थी।
पांच दिन बीत जाने के बाद भी सर्विस चालू नहीं होने पर राकेश ने इंटरनेट के जरिए एप के केयर सेंटर का नंबर लिया और उसपर बात की। केयर सेंटर वाले ने उससे मोबाइल नंबर और गाड़ी नंबर पूछा और कहा कि वह एक लिंक भेज रहा है जिसे वह 22 सेकेंड में एक नंबर पर भेजे। राकेश उसके बताए अनुसार किया।
आरोपी ने फिर से एक लिंक भेजने की बात कही और कहा कि उसपर यूपीआई पिन द्वारा एक रुपये ट्रांसफर करें। उसके 24 घंटे बाद सर्विस चालू हो जाएगा। राकेश ने ऐसा ही किया। राकेश के पास लगातार तीन नंबर से लिंक आए, जिसके टच करते ही उसके खाते से रुपये निकल गए।
तीन बार में उसके खाते से 54 हजार रुपये निकल गए। राकेश को ठगी का एहसास हुआ और वह बैंक जाकर अपना खाता ब्लॉक करवाया। उसने पुलिस में इसकी शिकायत पुलिस से की। जिला की साइबर सेल मामले की जांच में जुटी है।