सेक्टर ओमेगा वन में निर्माणाधीन ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट में फ्लैट आवंटित करा चुके करीब सौ लोगें ने समय से कब्जा न मिलने पर बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया।
खरीदार परिवार के साथ साइट पर पहुंचे बिल्डर पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। वहीं, दो दिन पहले कंपनी के एमडी द्वारा आवंटियों को धक्का देकर बाहर निकाले जाने पर भी लोगों ने नाराजगी जाहिर की।
लोगों के मुताबिक, टुडे होम्स एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड ने 2009 में प्रोजेक्ट की शुरुआत की थी। जब लोगों ने फ्लैट बुक कराया था, तो कंपनी ने उन्हें तीन साल में घर सौंपने का वादा किया गया था। साथ ही चार माह का ग्रेस भी दिया गया था।
आवंटी रविंद्र भान ने बताया कि बिल्डर द्वारा दिया गया समय पूरा तीन साल पहले बीत चुका है। इसके बावजूद अभी तक घर अलॉट नहीं किया गया। इस सिलसिले में वे कंपनी के एमडी जीके गंभीर से मिलने उनके कार्यालय गए थे, जहां उन्हें बाउंसर ने धक्के देकर बाहर निकाल दिया।
वहीं, कैप्टन प्रवीन रॉय ने बताया कि लगभग सभी आवंटियों ने 90 फीसदी पैसे जमा कर दिए हैं। लोगों ने लोन लेकर घर खरीदा है जिसकी ईएमआई बैंक में जमा की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब भी कोई मिलने जाता है तो बिल्डर के लोग उनसे मुलाकात तक नहीं करते हैं।
हर बार नई तारीख दे दी जाती है। उन्हें उनका घर नहीं मिला तो सभी आवंटी सड़क पर उतरकर बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर डॉ. बीएस चौहान, वीरेश, एनपी सिंह, अजय, तुषार मौजूद रहे।