सीएम नायब सिंह सैनी ने अपने एक्स अकाउंट पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, 'नमो' टी विद डॉली। माइक्रोसॉफ्ट के फाउंडर बिल गेट्स जी को चाय पिलाने के बाद सोशल मीडिया की दुनिया के चर्चित चेहरे बने डोली चाय वाले ने गुरुग्राम में "नमो" की चाय बनाकर पिलाई। वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की इकोनॉमी को मजबूत बनाने के लिए मिशन मोड पर काम किया है। देश को लचर व्यवस्था से बाहर निकालकर पांचवीं आर्थिक ताकत बनाया है। 10 साल में 18 हजार गांवों को बिजली देकर जगमग करने का काम किया है। युवा आगे बढ़े, इसके लिए प्रधानमंत्री ने अनेक योजनाएं चलाईं हैं, जिसका परिणाम है कि 100 से ज्यादा यूनिकॉर्न और एक लाख से अधिक स्टार्टअप खड़े हुए हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से आह्वान किया कि वे सकारात्मकता के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने में सहयोगी बनें। उन्होंने इन्फ्लुएंसर्स की प्रशंसा करते हुए कहा कि आप लोगों का काम साधारण काम नहीं है। एक-एक व्यक्ति के दो-तीन या इससे भी अधिक करोड़ लोगों से जुड़ा होना बड़ी बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर्स की मेहनत और काम को समझा है। उन्होंने कहा कि सभी इन्फ्लुएंसर्स और यूट्यूबर्स सकारात्मकता से काम करते हुए देश के विकास में भागीदार बनें। सभी इन्फ्लुएंसर का स्वागत किया और भगवान श्रीकृष्ण की भूमि हरियाणा में घूमने का आह्वान भी किया।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि पिछले 10 सालों में पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने एक नई दिशा और दशा तय की है। देश के आजाद होने के बाद सभी ने अपनी श्रद्धा व ताकत के हिसाब से देश को आगे बढ़ाया है, लेकिन इन 10 सालों में जितनी तेज गति से देश का विकास हुआ है इसकी चर्चा हर व्यक्ति करता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का ही कमाल है कि अर्थव्यवस्था के मामले में 10 सालों में भारत 11वें स्थान से पांचवें स्थान पर आया है।