क्रूरता की हद पार कर दो लोगों ने राजेंद्र नगर में स्कूटर से कुत्ते को बांधकर घसीटा और उसकी मौत हो गई। घटना का फोटो वायरल होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया।
पीएफए के सदस्य सौरभ गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार शाम राजेंद्र नगर कान्हा कांप्लेक्स के पास दो लोग एक स्कूटर के पीछे रस्सी से कुत्ते को बांधकर ले जा रहे थे। स्कूटर की गति काफी तेज थी। लोगों ने स्कूटर को रुकवा लिया।
भीड़ ने एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। लोग कुत्ते को अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पकड़ा गया आरोपी शहीद नगर निवासी तौसीफ है। सीओ साहिबाबाद राकेश कुमार ने बताया कि शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया गया है। उसके साथी की तलाश की जा रही है।