दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन पर सीआईएसएफ के जवानों की लापरवाही के चलते तीस हजारी मेट्रो स्टेशन के पास एक कुत्ता मेट्रो ट्रैक तक पहुंच गया। कुत्ता मेट्रो की चपेट में आ गया। हादसे में कुत्ते के शरीर का आधा हिस्सा कटकर ट्रेन के साथ घिसटता हुआ कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन तक पहुंच गया।
वहां जब यात्रियों ने ट्रैक पर मांस का लोथड़ा देखा तो खलबली मच गई। लोगों को लगा कि कोई इंसान मेट्रो की चपेट में आ गया। इसके बाद मामले की सूचना मेट्रो पुलिस को दी गई।
दिल्ली मेट्रो पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार रात की है। एक कुत्ता तीस हजारी मेट्रो स्टेशन और पुल बंगश के बीच ट्रैक पर पहुंच गया। स्टेशन स्टाफ और सीआईएसएफ कर्मियों को कुत्ते के ट्रैक पर पहुंचने की भनक तक नहीं लगी।
रात में ट्रैक पर अंधेरा होने के कारण कुत्ता मेट्रो की चपेट में आ गया। ट्रेन तीस हजारी स्टेशन से कश्मीरी गेट पहुंची तो वहां यात्रियों ने ट्रैक पर मेट्रो के आगे मांस का लोथड़ा देखा। स्टेशन पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।