एम्स में इलाज करवाने वाले मरीजों के लिए एक अच्छी खबर है। ओपीडी में मरीजों को घंटों इंतजार से बचाने के लिए एम्स ने पहल की है। अब यहां मरीज को पहले से चिकित्सक से मिलने का समय पता होगा, तय समय के मुताबिक ही मरीज ओपीडी में आकर इलाज करवा सकेंगे। अभी ओपीडी के सभी मरीज एक साथ ही संबंधित चिकित्सक के पास पहुंच जाते हैं जिसकी वजह से उन्हें अपनी बारी का इंतजार घंटों करना पड़ता है।
एम्स निदेशक डॉक्टर रणदीप गुलेरिया ने बताया कि ओपीडी में मरीजों की भीड़ को देखते हुए व्यवस्था में बदलाव करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि ऑन लाइन नंबर लगाने की व्यवस्था है लिहाजा इसके लिए नया सॉफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है। नई व्यवस्था जुलाई मध्य के बाद लागू की जा सकती है। हर घंटे के हिसाब से मरीजों को ओपीडी में इलाज के लिए समय दिया जाएगा। यही नहीं ओपीडी पंजीकरण काउंटर खुलने के समय को भी बढ़ाया जाएगा।
डॉ. गुलेरिया ने बताया कि जितनी देर तक ओपीडी चलती है प्रयास है कि उतनी ही देर तक जांच केन्द्र भी खुले रहें। क्योंकि जांच के लिए मरीजों को कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है। प्रयास होगा कि जांच के लिए मरीजों के नमूने उसी दिन या अगले दिन ले लिए जाए इसपर भी काम किया जा रहा है। दिल्ली के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों से एम्स में प्रतिदिन इलाज के लिए औसतन 10 हजार मरीज आते हैं, जिसकी वजह से एक साथ ओपीडी में मरीजों की भीड़ लग जाती है।