कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर दो अस्पतालों से राहत भरी खबर आई है। 25 कोरोना योद्धाओं के चेहरे पर मंगलवार को उस वक्त खुशी देखने को मिली जब उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। यह योद्धा दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में कार्यरत हैं। कुछ दिन पहले यहां एक मरीज सर्जरी के लिए आया था, जो संक्रमित पाया गया। इसके चलते 25 स्वास्थ्य कर्मचारियों को क्वारंटीन किया गया था। इनमें कई वरिष्ठ डॉक्टर भी शामिल हैं। डॉक्टरों ने बताया कि रिपोर्ट निगेटिव मिलने के बाद भी 14 दिन क्वारंटीन का वक्त उन्हें पूरा करना ही होगा। हालांकि, वे अपने घर से ही अस्पताल में मौजूद अन्य डॉक्टरों को दिशा-निर्देश देते रहेंगे।
उधर, आरएमएल अस्पताल में भर्ती एक डॉक्टर को छुट्टी मिल गई है। यह महिला डॉक्टर आरएमएल में एनेस्थेसिया विभाग में कार्यरत है। कुछ दिन पहले एक संक्रमित महिला की प्रसूति के कारण यह संक्रमित हो गई थीं। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने कुछ दिन तक इन्हें घर पर ही आराम करने की सलाह दी है। यह महिला डॉक्टर आरएमएल अस्पताल के छात्रावास में रहती हैं।
राजन बाबू टीबी अस्पताल की आया संक्रमित, चार क्वारंटीन
उत्तरी निगम के राजन बाबू टीबी अस्पताल में कार्यरत वार्ड आया को कोरोना होने के बाद उनके संपर्क में रहे चार लोगों को क्वारंटीन किया गया है। इसमें उनके पति भी हैं, जो आया के साथ उसी अस्पताल में कार्यरत थे।
उत्तरी निगम की प्रेस एवं सूचना विभाग की निदेशक ईरा सिंघल ने बताया कि आया नियमित तौर पर डायलिसिस के लिए जाया करती थी। इसके लिए ही वह एक निजी अस्पताल गई थी, जहां कोरोना के लक्षण होने पर उन्हें लोकनायक अस्पताल में जांच के लिए भेजा गया। कोरोना की पुष्टि होने के बाद आया को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। हालांकि, क्वारंटीन किए गए लोगों में कोरोना के कोई लक्षण नहीं दिखे हैं। जल्द ही उन सभी चारों लोगों का भी टेस्ट किया जाएगा।