उत्तर पश्चिम दिल्ली के अशोक विहार इलाके में एक डॉक्टर की शादी के रिसेप्शन में उसके बैग पर मंगलवार रात किसी ने हाथ साफ कर दिया। इस बैग में डॉक्टर की पिस्टल, सात कारतूस, लाखों के सोने-चांदी के जेवरात और कुछ हजार रुपये की नकदी थी।
डॉक्टर अपना बैग पिता को देकर फोटो खिचवाने लगे, उसी दौरान किसी शातिर बदमाश ने बैग उड़ा लिया। बैग गायब होने की सूचना मिलते ही समारोह में हड़कंप मच गया। फौरन मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने पीड़ित डॉक्टर प्रत्यूष आनंद (35) की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों व वीडियो की मदद से मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से समस्तीपुर बिहार निवासी डॉक्टर प्रत्यूष आनंद परिवार के साथ गंगाराम वाटिका, चौखंडी, तिलक नगर में रहते हैं। वह गुलाबी बाग स्थित सरकारी डिस्पेंसरी में डॉक्टर हैं। प्रत्यूष की शादी के बाद मंगलवार को अशोक विहार स्थित बैंक्वेट हॉल में रिसेप्शन था। रात करीब आठ बजे फोटोग्राफर ने ग्रुप फोटो खींचने की बात की।
प्रत्यूष ने अपना बैग पिता को दे दिया। कुछ देर बाद उन्होंने पिता से बैग वापस मांगा तो देखा कि बैग उनके पास नहीं था। पिता रिश्तेदारों से खड़े बात कर रहे थे। पूछने पर पिता ने बताया कि उन्होंने बैग को नीचे सोफे पर रखा था। किसी ने मौका लगते ही बैग पर हाथ साफ कर दिया था।