दक्षिण-पूर्व दिल्ली की सनलाइट कॉलोनी से पुलिस ने एक डॉक्टर व महिला दलाल को लिंग परीक्षण में गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान डॉ. मनोज कृष्णा आहुजा (60) और दलाल कविता (44) के रूप में हुई है। दोनों लिंग परीक्षण के लिए 30 हजार रुपये लेते थे।
डॉक्टर के कमरे से 20 लाख से अधिक रुपयों के अलावा दो लैपटॉप और अल्ट्रासाउंड मशीन बरामद की है। पुलिस की मानें तो आरोपी डॉक्टर दिल्ली के कई नामी अस्पतालों में नौकरी कर चुका है। सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, दिल्ली व रोहतक की पीएनडीटी टीमों व डिफेंस कॉलोनी एसडीएम ने सनलाइट कॉलोनी स्थित जीवन अस्पताल के गेट नंबर-2 के बाहर दबिश देकर दोनों को दबोचा। सोनीपत की रहने वाली एक महिला को दोनों के पास ग्राहक बनाकर भेजा गया था। महिला ने दलाल कविता के जरिये 30 हजार रुपये दिए थे।
इस रकम के 12 हजार रुपये डॉक्टर को मिल चुके थे। पुलिस ने जीवन अस्पताल के पास बने कमरे से दिए गए रुपयों के अलावा 20 लाख से अधिक रुपये बरामद किए हैं। इनमें कुछ पुरानी करेंसी भी हैं। छानबीन के दौरान पता चला कि डॉक्टर मनोज मूलरूप से चंडीगढ़ का रहने वाला है। उसने 1985 में पटियाला मेडिकल कॉलेज से एमडी रेडियोलॉजिस्ट का कोर्स किया था। उसके बाद अगले साल दिल्ली आ गया।
यहां दिल्ली आने के बाद उसने कई नामी अस्पतालों में रेडियोलॉजिस्ट की नौकरी की। आरोपी जीवन अस्पताल से पिछले 12 साल से जुड़ा था। डॉक्टर ग्रेटर कैलाश के पंपोश एंक्लेव में रहता है। वह तलाकशुदा है और अकेला रहता है।
वहीं दलाल कविता कंझावला इलाके में रहती है। वह एक चाइल्ड केयर क्लीनिक में मेड की नौकरी करती है। चार माह पूर्व वह डॉ. मनोज के संपर्क में आई। उसने डॉक्टर को कई ग्राहक ले जाकर दिए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।