दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) के पूर्व छात्र और अमेरिका के व्यवसायी राज सोइन ने विश्वविद्यालय को पांच करोड़ रुपये दिया है। डीसीई -डीटीयू एल्यूमनाई ने विश्वविद्यालय को यह रकम रिसर्च, फेलोशिप व बहुउद्देशीय भवन निर्माण में सहयोग के चलते दी है। विश्वविद्यालय ने अपने पूर्व छात्र की इस आर्थिक मदद के चलते निर्माणाधीन बहुउद्देशीय भवन का नाम पूर्व छात्र के नामरोज सोइन हॉल रखने का फैसला लिया है।
कुलपति प्रो. योगेश सिंह के मुताबिक, अमेरिका के व्यवसायी राज सोइन ने दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (विश्वविद्यालय का पूर्व में नाम) से 1969 सत्र में मैकेनिकल इंजीनियरिंग की स्नातक डिग्री हासिल की थी। इसके बाद राज सोइन यूएसए में इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में स्नातकोत्तर पढ़ाई के लिए चले गए थे। राज सोइन को 1978 में ही अमेरिका में नौकरी मिल गयी थी।
कुछ समय बाद उन्होंने मॉडर्न टेक्नोलॉजी कॉरपोरेशन नाम से इंजीनियरिंग कंपनी का गठन किया। उनकी कंपनी यूएस डिफेंस विभाग को परामर्श सेवा देती है। कुलपति प्रो. सिंह का कहना है कि पूर्व छात्र विश्वविद्यालय की विभिन्न माध्यमों से मदद करते हैं। इससे पूर्व और वर्तमान छात्र एक-दूसरे से जुड़े रहते हैं। पूर्व छात्र वर्तमान छात्रों को मार्केट मांग के आधार पर आगे कौशल निखारने में भी मदद कर रहे हैं।