कश्मीर के उड़ी में आर्मी बेस पर हमले के बाद अब समय आ गया है कि पाकिस्तान को उसकी हरकतों के लिए सबक सिखाया जा सके। भारत को पाकिस्तान जाने वाली सिंधु नदी का पानी रोक देना चाहिए।
यह बात प्रदेश के पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव ने मंगलवार को जारी एक विज्ञप्ति में कही है। उन्होंने कहा कि इससे पाकिस्तान के बड़े इलाके में अकाल पड़ जाएगा और वह घुटने टेकने को मजबूर हो जाएगा। उन्होंने कहा है कि भारत, पाकिस्तान के साथ की गयी सिंधु जल संधि समाप्त करना पाक पर परमाणु बम गिराने के समान होगा।
पिछले कुछ समय से पाकिस्तान यह आरोप लगाता रहा है कि भारत इस संधि की शर्तों को तोड़कर उसे पूरा पानी नहीं दे रहा है। जबकि सच्चाई यह है कि इस संधि की वजह से जम्मू-कश्मीर में कोई भी बड़ी पनबिजली परियोजना नहीं लग पा रही है।
इसी कारण जमू कश्मीर में आर्थिक गतिविधियां लगभग ठप पड़ी हुई हैं, जिसका नतीजा आतंकवाद के रूप में सामने आ रहा है। कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि पूरे देश की जनता में रोष है कि पाकिस्तान एक के बाद एक आतंकी हमला करता जा रहा है।
इसके बावजूद पाकिस्तान को सबक नही सिखाया जा रहा है। अब प्रधानमंत्री को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तरह निर्णय लेना चाहिए और पाकिस्तान को मुंह तोड़ जवाब देना चाहिए।
जिस प्रकार इंदिरा गांधी जी ने बांगलादेश को आजाद कराया था, उसी प्रकार अब प्रधानमंत्री को बलूचिस्तान, गिलकित व सिंध को आजाद कराना चाहिए।