रेखा गुप्ता ने सूर घाट का किया निरीक्षण, बदहाली दूर करने का दिया अल्टीमेटम
जर्जर गेट, खराब लाइटें और पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
छठ महापर्व से पहले बदहाल व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को अल्टीमेटम दिया है। सोमवार को सूर घाट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने जर्जर गेट, जंग लगे ढांचों, खराब प्रकाश व्यवस्था, पानी की कमी और शौचालयों की स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और सभी काम छठ महापर्व से पहले पूरे करने होंगे।
मुख्यमंत्री ने घाट परिसर की व्यापक साफ-सफाई, जरूरी हिस्सों की मरम्मत और रंग-रोगन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से खराब हिस्सों को केवल अस्थायी तौर पर ठीक करने के बजाय उनकी समुचित मरम्मत की जाए। घाट के दोनों ओर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने और सभी लाइटों की जांच कर उन्हें चालू हालत में रखने को कहा।
पानी और शौचालयों की व्यवस्था पर सवाल
निरीक्षण के दौरान पानी की व्यवस्था में कमियां मिलने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जवाब मांगा। उन्होंने पानी के कनेक्शन की जांच कर श्रद्धालुओं के नहाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। शौचालयों की बदहाली पर भी तत्काल सफाई, मरम्मत और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुविधाएं केवल कागजों पर नहीं, मौके पर चालू हालत में होनी चाहिए।
पर्व से पहले पूरा करना होगा काम
मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से लंबित काम तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ के दिन तक इंतजार करने के बजाय व्यवस्थाएं पहले ही दुरुस्त होनी चाहिए। छठ पूर्वांचल के लाखों परिवारों की आस्था से जुड़ा पर्व है और हर व्रती को स्वच्छ, सुरक्षित व सुविधाजनक वातावरण देना सरकार की जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान मंत्री कपिल मिश्रा और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।