छाती में होने वाले दर्द को गैस समझकर नजरअंदाज करना भारी पड़ सकत है। यदि लक्षण दिल के दौरे के तरह है तो डॉक्टर से संपर्क जरूर करना चाहिए। दिल का दौरा पड़ने के बाद आधे मरीज इसी कारण दम तोड़ देते हैं या समस्या गंभीर हो जाती है।
दरअसल, देश में बढ़ रही दिल के दौरे की समस्या को देखते हुए सोमवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर हृदय रोग के विशेषज्ञ इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में जुटे। इस दौरान देश में सामने आ रहे अचानक दिल के दौरे, दिल के दौरे से मौत सहित दूसरे विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही विस्तार से बताया कि गया किन कारणों से दिल का दौरा आ सकता है। डॉक्टरों ने बताया कि हृदय में रक्त की आपूर्ति करने वाली धमनियों में अचानक अवरोध होने से हार्ट अटैक आ सकता है। इसके लक्षणों में तेज दर्द के अलावा, सीने में जलन या भारीपन सहित दूसरे कारण शामिल हैं।
इस मौके पर एम्स के कार्डियोलाजी विभाग के प्रोफेसर डा. अंबुज रॉय ने कहा कि दिल के दौरे के लक्षण को लेकर हर किसी को जागरूक रहना चाहिए। यदि इसके बारे में घर के हर सदस्य को पता होगा तो वह तुरंत प्रतिक्रिया कर सकता है। मरीज को डॉक्टर के पास लेकर आ सकत है। हार्ट अटैक होने पर लक्षण की जल्द पहचान, तुरंत ईसीजी कर तुरंत ब्लड पतला करने वाली दवा व क्लाट बस्टर दवा देना जरूरी होता है। हार्ट अटैक के एक घंटे के भीतर इलाज मिल जाए तो कई जानें बचाई जा सकती हैं। मौजूदा आकड़े बताते है कि 45 फीसदी मरीज अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ देते हैं। केवल 10.8 फीसदी मरीज ही उचित इलाज के लिए समय पर बेहतर अस्पताल में पहुंच पाते हैं।
25 के बाद करवाएं जांच
डॉक्टर राय ने कहा कि दिल के दौरे की समस्या जिस तेजी से बढ़ रही है उसे देखते हुए सलाह दी जाती है कि 25 साल के बाद वर्ष में एक बार हृदय की स्क्रीनिंग के लिए ब्लड प्रेशर, शुगर व कोलेस्ट्रॉल की जांच जरूर करानी चाहिए। प्री-हाइपरेटेंशन के लोगों को नियमित ब्ल्ड प्रेशर की जांच करनी चाहिए। खानपान में रंग बिरंगे दिखने वाली हरी सब्जियों व फलों का सेवन अधिक करना चाहिए। प्रतिदिन 400 ग्राम फल व हरी सब्जियों का सेवन जरूरी है। चावल की जगह रागी, ज्वार, बाजार सहित मोटा आजान व प्रोटीन के लिए दाल, बिन्स का इस्तेमाल करना चाहिए। इसके अलावा योगा करें। वहीं प्रोफेसर डा. नितीश नाइक ने कहा कि सप्ताह में 150 मिनट व्यायाम, प्रतिदिन सात हजार कदम पैदल चलना भी जरूरी है। लगातार आधे से अधिक देर तक कहीं बैठे न रहें।
यह दस बातें रखेंगी दिल को स्वस्थ
- बचें तनाव से
- न करें तंबाकू का सेवन
- करें नियमित व्यायाम
- संतुलित रखें शरीर के वजन
-खानपान में हो स्वस्थ
-नियमित करवाए ब्लड प्रेशर जांच
-शुगर नियंत्रित रखें
-कालेस्ट्रोल जांच कर नियंत्रित रखें
-हृदय रोग हो तो एस्प्रिन जीवन भर लेना जरूरी
-हृदय रोगियों व जोखिम वाले लोगोें को स्टेटिन दवा का इस्तेमाल