फरीदाबाद के कोट गांव में डेढ़ साल पहले मिले महिला के शव की एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद सेक्टर-55 पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस अब हत्या की गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर रही है।
एक दिसंबर 2013 को कोट गांव के कोडा फार्म हाउस में लगभग 30 वर्षीय एक महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था। गांव के चौकीदार की तहरीर पर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था।
खस्ताहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एफएसएल भेजा गया था। पुलिस को पता चला था कि सारन थाना क्षेत्र के भांखरी गांव निवासी रामपाल की पत्नी तीन-चार दिन से गायब है।
पुलिस ने रामपाल से पूछताछ की तो उसने उसकी शिनाख्त पत्नी इंद्रावती के रूप में की थी। डेढ़ साल बाद पुलिस को मृतका की एफएसएल रिपोर्ट प्राप्त हुई।
इसमें मौत सिर में चोट लगने के कारण होना बताया गया। इस पर महिला की हत्या का केस दर्ज किया गया है। एसएचओ सेक्टर-55 ने बताया कि केस दर्ज कर हत्यारों की पकड़ के लिए तफ्तीश शुरू कर दी गई है।