दिल्ली मेट्रो में यात्रियों को जल्द ही भीड़ के कारण परेशान नहीं होना पड़ेगा। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) द्वारा राइडरशिप बढ़ाने के लिए मेट्रो में कोच की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इसके लिए एक कंपनी से करार भी कर लिया गया है।
डीएमआरसी के महाप्रबंधक डॉ. मंगू सिंह ने बुधवार को बताया कि मेट्रो की सेवाओं में विस्तार किया जा रहा है। लगातार यात्रियों की संख्या भी बढ़ रही है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इससे पहले पीक आवर्स में कुछ मेट्रो ट्रेनों में कोच की संख्या बढ़ाई गई थी, जो यात्रियों की वर्तमान संख्या को देखते हुए नाकाफी है।
यात्रियों को मेट्रो में सफर करने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए प्रत्येक मेट्रो ट्रेन के कोच की संख्या 6 से बढ़ाकर 8 कर दी जाएगी। इसके लिए एक कंपनी से समझौता हो गया है। जल्द ही मेट्रो में कोच बढ़ाने का कार्य शुरू हो जाएगा।
मालूम हो कि फिलहाल दिल्ली मेट्रो की कुछ ट्रेनों में ही आठ कोच हैं। बाकि सभी ट्रेनों में छह कोच हैं। डॉ. मंगू सिंह ने बताया कि येलो लाइन पर आ रही सिग्नल की दिक्कत को दूर करने के लिए काम किया जा रहा है। सॉफ्टवेयर की दिक्कत होने के कारण कई बार सिग्नल हैंग हो जाते हैं। इस पर टीम कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि डीएमआरसी मेट्रो को तेज गति से चलाने के साथ-साथ सुरक्षित भी चलाया जाना जरूरी है। सुरक्षित रखने के दौरान कभी-कभी यह दिक्कतें आ जाती हैं जिन्हें दूर करने पर ध्यान दिया जा रहा है।