आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक परिवार का चूल्हा बारिश से भीग जाने के कारण चार दिन तक जल नहीं पाया। जहांगीर पुर कस्बा निवासी परिवार में दो नाबालिग बच्ची, मजदूर पिता व दिव्यांग दादा है। पूरे परिवार को भोजन की समस्या से जूझना पड़ा। वहीं, एक जागरूक नागरिक मंजीत मलिक ने फोन कर जिलाधिकारी को पूरे मामले से अवगत करवाया। बीएन सिंह ने तुरंत संज्ञान लिया।
उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) आर एन यादव को भेजकर परिवार के लिए कनेक्शन कराकर चूल्हे, सिलेंडर और पाइप की व्यवस्था करवाई। स्वामी पाड़ा निवासी मुंशी सिंह को आंखों से ठीक से नहीं दिख पाता। उनका बेटा किशन मजदूरी करता है। किशन की दो बेटियां मुस्कान (12) और नंदनी (10) परिवार का खाना बनाती हैं।
मां रेखा की आठ साल पहले मौत हो चुकी है। आर्थिक हालत ठीक नहीं होने की वजह से बच्चियां मिट्टी के चूल्हे पर भोजन बनाती थीं। तेज बारिश के कारण चूल्हा भीग गया। मंजीत मलिक ने परिवार की स्थिति देखकर जिलाधिकारी को सूचना दी।
विशेष प्रयास से कराया कनेक्शन
निर्देश मिलते ही डीएसओ ने स्थानीय गैस एजेंसी से संपर्क किया। परिवार में कोई महिला नहीं थी, जबकि उज्जवला योजना के तहत महिला को कनेक्शन देने की व्यवस्था है। बावजूद अधिकारियों के विशेष प्रयास के चलते दादा मुंशी सिंह के नाम पर घरेलू गैस कनेक्शन दिया गया। डीएसओ आरएन यादव का कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति और समस्या के मद्देनजर ऐसा किया गया है।