नई दिल्ली। दिल्ली बार काउंसिल के चुनाव में तीस हजारी कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार शर्मा (डीके शर्मा) ने जीत दर्ज कर बार काउंसिल के सदस्य के रूप में अपनी जगह बनाई है। उनकी जीत के बाद दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिवक्ताओं में खुशी का माहौल है। इस बार दिल्ली बार काउंसिल चुनाव में कुल 221 उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें से 25 सदस्यों का चुनाव हुआ, जिनमें 18 पुरुष और 7 महिला सदस्य शामिल हैं। डीके शर्मा ने 2,323 वोट हासिल कर पुरुष वर्ग में 15वां स्थान प्राप्त किया और सदस्य निर्वाचित हुए।
डीके शर्मा वर्तमान में तीस हजारी कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। इसके अलावा वह दिल्ली जिला अदालतों की बार एसोसिएशनों की समन्वय समिति (कोऑर्डिनेशन कमेटी) के अध्यक्ष भी हैं। उनकी जीत पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। जीत के बाद डीके शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार, समर्थकों और दिल्ली के अधिवक्ताओं को दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह अधिवक्ताओं के हितों की मजबूती से आवाज उठाएंगे और बार व बेंच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास करेंगे। ब्यूरो