इस दिवाली भी जीडीए ने शहरवासियों के लिए आवासीय स्कीम लांच करने की तैयारी पूरी कर ली है। जीडीए बिल्डर प्रोजेक्ट्स में 2000 ईडब्लूएस और एलआईजी व इंदिरापुरम में दो से लेकर चार बीएचके वाले 370 फ्लैट्स की स्कीम लाएगा। स्कीम में एक नवंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे।
बीते दिनों जीडीए ने दिवाली पर बिल्डर प्रोजेक्ट्स में सस्ते फ्लैट्स की स्कीम के दूसरे चरण में 1500 ईडब्लूएस और एलआईजी फ्लैट्स की स्कीम लाने की तैयारी की थी।
स्कीम लांच होते-होते अब इसमें 500 फ्लैट्स का और इजाफा हो गया है। सस्ते फ्लैट्स की स्कीम में आवेदन के लिए किसी तरह का सर्टिफिकेट लगाने की भी बाध्यता नहीं रहेगी। ड्रा होने के बाद सफल आवेदक के सर्टिफिकेट की जांच होगी। इसके बाद नंबर ड्रा होगा।
जीडीए वीसी संतोष यादव ने कहा कि हर आय वर्ग के लोगों के लिए आवास उपलब्ध कराने की कोशिश हैं। बिल्डर प्रोजेक्ट्स में 1000 ईडब्ल्यूएस और 1000 एलआईजी फ्लैट होंगे।
ईडब्ल्यूएस फ्लैट की कीमत चार लाख और एलआइजी फ्लैट की कीमत आठ लाख रुपये होगी। इंदिरापुरम के न्यायखंड-1 में 370 फ्लैटों की स्कीम शहरवासियों के लिए लांच होगी।
इस स्कीम में 10 मंजिला टावर में 4 बीएचके के 157, 3 बीएचके के 33, 2 बीएचके (डिलक्स) वाले 80, 2 बीएचके के 93, 2 बीएचके (ए) के पांच और 2 बीएचके (बी) के दो फ्लैट्स होंगे।