ग्रेटर नोएडा (संवाद)। मेरठ में आयोजित होने वाली प्रदेशीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार को गौतमबुद्ध नगर में जिला स्तरीय ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। ट्रायल में शानदार प्रदर्शन करने वाले बॉक्सर मेरठ मंडलीय ट्रायल में भाग लेंगे।
प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय के जन्म शताब्दी के अवसर पर मेरठ के क्षेत्रीय खेल कार्यालय में 13 से 16 अक्तूबर तक प्रदेशीय सीनियर पुरुष बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय ट्रायल का आयोजन किया जाएगा।
ट्रायल में 46-48, 48-51-, 51-54, 54-57, 57-60, 60-63, 63-67, 67-71, 71-75, 75-80, 80-85, 85-92, 92 से अधिक किग्रा भार वर्ग के बॉक्सर भाग ले सकेंगे। इन भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करने वाले बॉक्सर मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में दस अक्टूबर को होने वाले मंडलीय ट्रायल में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला स्तरीय ट्रायल का आयोजन कोच ज्योति नागर की देखरेख में किया जाएगा।