गुड़गांव से सटे मेवात स्थित जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र पुनिया को विजिलेंस की टीम ने पलवल स्थित एक रेस्टोरेंट पर दूध फैक्ट्री के सैंपल रद्द करने के एवज में 80 हजार की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे शनिवार को उसे अदालत में पेश कर फरीदाबाद की नीमका जेल भेज दिया है। मामले की अगली सुनवाई 14 मार्च को होगी।
सुरेंद्र पुनिया पर मेवात जिले में दूध की डेयरियों, मिठाइयों की दुकानों, पनीर व खोये के कारोबारियों के अलावा परचून की दुकानों से मोटी रकम उगाने के आरोप पहले से ही लगते रहे हैं। पकड़े जाने से दो दिन पहले फिरोजपुर झिरका में चार सैंपल भरे गए थे। इनमें से दो सैंपल अभी भी पैक नहीं किए हैं।
फिरोजपुर झिरका में इसी दिन भारत दूध डेयरी पर शाम को सैंपल बिना पैकिंग के ही छोड़ दिए गए। परचून की दुकान से नमक के सैंपल भी बदल दिए। आरोप है कि सैंपल इसी अधिकारी ने बदला। बताते हैं कि 4 माह में जिले से जितने भी सैंपल भरे गए उनमें से केवल दो-तीन सैंपल ही फेल हुए हैं।
नूंह स्थित एक हलवाई सैंपलों की सेटिंग का गढ़ माना जाता था। व्यापारियों को उम्मीद है कि पुलिस पूछताछ में फूड सेफ्टी अधिकारी से अन्य मामलों का खुलासा हो सकता है। मांडीखेड़ा स्थित सीएमओ कार्यालय ने आरोपों से इनकार किया है।