गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन (जीसीए) की डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग का मंगलवार से आगाज होगा। जवाहरलाल नेहरू क्रिकेट स्टेडियम में होने वाली डिस्ट्रिक्ट ओपन क्रिकेट लीग में शहरवासियों को 90 दिनों तक क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा।
लीग में जीसीए से संबद्ध महानगर के 30 क्रिकेट क्लब और एकेडमी की टीमें भाग लेंगी। सभी मैच लीग कम नाक आउट आधार पर खेले जाएंगे।
लीग से चुनी जाएगी इंटर डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट की टीम
जीसीए के अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने बताया कि लीग में भाग लेने वाली 30 टीमों को छह ग्रुपों में बांटा गया है। प्रत्येक टीम को चार मैच खेलेगी। उन्होंने बताया कि जीसीए इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन भी करेगी।
लीग में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाडि़यों का चयन कर टूर्नामेंट के लिए डिस्ट्रिक्ट टीम चुनी जाएगी। वहीं, ओपन के साथ अंडर-16 और अंडर-19 के लिए भी इंटर डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे।
लीग में उम्दा प्रदर्शन तो ट्रायल की राह आसान
जीसीए के महासचिव मनोज मांकड़ ने बताया कि दोनों टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाडि़यों को उत्तर प्रदेश की टीमों के लिए होने वाले चयन ट्रायल में प्राथमिकता दी जाएगी।
यूपीसीए की रजिस्ट्रेशन योजना के तहत जिले में अब तक 580 खिलाडि़यों का नामांकन हुआ है। 25 मार्च को होने वाले ट्रायल में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाडि़यों को लाभ मिलेगा।