जिले में दुग्ध उत्पादन के लिए कामधेनु की पांच और अतिरिक्त इकाइयां लगाई जाएंगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने पशु पालकों से आवेदन मंगाए हैं। 22 जून तक आवेदकों को अपने आवेदन जिला पशु चिकित्सा विभाग में करने होंगे।
गौरतलब है कि इससे पूर्व जिले में एक कामधेनु यूनिट पहले से संचालित है। जिला पशु चिकित्सा अधिकारी डा. बिजेंद्र त्यागी ने बताया कि जिले में सौ और पचास दुधारू पशुओं की यूनिट स्थापित की जानी है।
इसके साथ ही जिले के कुक्कुट पालन नीति के तहत भी अंडा उत्पादन की यूनिट स्थापित की जानी है। डा. त्यागी बताते हैं कि मिनी कामधेनु यूनिट में जहां 53 लाख का बजट है वहीं बिग कामधेनु यूनिट में एक करोड़ बीस लाख का बजट है।
इसमें लाभार्थी को शासन की ओर से 75 प्रतिशत लोन दिलाया जाएगा जिसके ब्याज की प्रतिपूर्ति विभाग द्वारा की जाएगी। इसके अतिरिक्त बजट का 25 प्रतिशत भुगतान स्वयं लाभार्थी को करना होगा।
योजना के अंतर्गत लाभार्थियों का चयन जिलाधिकारी द्वारा गठित समिति करेगी। इस संबंध में जिलाधिकारी ने जिला पशु चिकित्सा अधिकारी के साथ मिलकर योजना के प्रचार-प्रसार की पर चर्चा की।