15 मई से घोषित व्यवस्था अब तक नहीं लागू
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। ई-रिक्शा चालकों के लिए घोषित रजिस्ट्रेशन व प्रशिक्षण व्यवस्था अब तक लागू न किए जाने को लेकर ई-रिक्शा चालकों व ईवी उद्योग से जुड़े लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ईवी मैन्युफेक्चरिंग सोसायटी (ईवीएमएस) ने आरोप लगाया कि सरकार के वादों पर अमल न होने से अनिश्चितता पैदा हो गई है।
ईवीएमएस के महासचिव राजीव तुली ने कहा कि दिल्ली सरकार ने 15 मई से रजिस्ट्रेशन व ट्रेनिंग स्कूल शुरू करने की घोषणा की थी, लेकिन जुलाई समाप्त होने को है और अब तक कोई स्पष्ट नीति या व्यवस्था लागू नहीं की गई। इस देरी से चालकों के साथ छोटे व्यापारियों, निर्माताओं व डीलरों में भी असंतोष बढ़ रहा है।
संगठन की बैठक में सदस्यों ने कहा कि लंबे समय से आश्वासनों के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे चालकों व कारोबारियों में भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। ईवीएमएस ने सरकार से जल्द रजिस्ट्रेशन व प्रशिक्षण व्यवस्था लागू करने तथा ई-रिक्शा क्षेत्र के लिए स्पष्ट नीति घोषित करने की मांग की है।