संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। नवयुवक दल ने 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देशभर में कैंडल मार्च निकालकर शहीदों को श्रद्धांजलि देने की घोषणा की है। संगठन के अनुसार, अगर छात्रों से जुड़े मौजूदा आंदोलन का समाधान 26 जुलाई तक नहीं होता, तो 29 जुलाई को लखनऊ में युवाओं के साथ लोकतांत्रिक प्रदर्शन हाेगा। नवयुवक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष भरत कात्यायन ने बताया कि संगठन छात्रों के हितों और नीट पेपर लीक जैसे मामलों की निष्पक्ष जांच का समर्थन करता है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि युवाओं का शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा बना रहे। उनके अनुसार, छात्र आंदोलनों के नाम पर हिंसा, अराजकता या किसी राजनीतिक एजेंडे को बढ़ावा देना सही नहीं है। हाल के घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सभी पक्षों को कानून का पालन करना चाहिए। भरत कात्यायन ने कहा कि 26 जुलाई को कारगिल के वीर शहीदों की स्मृति में देशभर में कैंडल मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने युवाओं से सैनिकों के बलिदान से प्रेरणा लेने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की अपील की। उनके अनुसार, 26 जुलाई तक मौजूदा आंदोलन समाप्त नहीं होता, तो 29 जुलाई को लखनऊ में नवयुवक दल युवाओं के सहयोग से लोकतांत्रिक प्रदर्शन करेगा। साथ ही सभी युवा संगठनों से शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, युवाओं के भविष्य और राष्ट्रीय एकता के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।