दिल्ली के पीतमपुरा में किशोर को मारा चाकू, चार नाबालिग पकड़े गए
- मृतक छात्र 9वीं कक्षा का छात्र था, आरोपी मास्क पहनकर आए थे, चार पकड़े गए
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
राजधानी के पीतमपुरा में दुर्गा विसर्जन के दौरान हुई खूनी वारदात ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। सोशल मीडिया पर किए एक कमेंट को लेकर हुए विवाद में नौवीं कक्षा के छात्र अरुण की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हमले में उसका दोस्त आशु भी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात में एक अन्य युवक के भी घायल होने की सूचना है। उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस ने मामला दर्ज कर चार नाबालिग आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल खून से सना खंजर भी बरामद किया गया है। हमले के दौरान आरोपियों ने मास्क लगाए थे।
उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि हत्या की वारदात 20 अक्तूबर को मौर्य एन्क्लेव थाना क्षेत्र के अंतर्गत पीतमपुरा के क्यू ब्लॉक के पास हुई। पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, घायल अरुण और आशु को बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अरुण को मृत घोषित कर दिया। आशु के शरीर पर चाकू से वार के निशान मिले हैं। पुलिस ने मौर्य एन्क्लेव थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विसर्जन के दौरान किया हमला : पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि दुर्गा विसर्जन जुलूस के दौरान कुछ लड़कों ने आशु पर चाकू से हमला कर दिया। दोस्त पर हमला होते देख नौवीं कक्षा का छात्र अरुण उसे बचाने के लिए आगे आया। इसी दौरान हमलावरों ने अरुण पर भी चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल अरुण को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इंस्टाग्राम पर कमेंट को लेकर था विवाद : शुरुआती जांच में पता चला कि अरुण का आरोपियों के साथ इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट पर कमेंट करने को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि चाकूबाजी से पहले इंस्टाग्राम पर एक लड़की को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।