आर एंड आर कॉलोनी के गांव नंगला शरीफ खां में पैसे के लेनदेन को लेकर शनिवार शाम को दो पक्षों में विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। इस दौरान डायल 112 का चालक घायल हो गया। पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए तीन नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
जानकारी के अनुसार, जेवर के मौहल्ला कानूनगोयान के दीपक शर्मा ने आर एंड आर कॉलोनी के गांव नंगला शरीफ खां के वसीम व उसके चचेरे भाई आसिफ के परिजनों ने पैसे उधार ले रखे थे। शनिवार शाम को दीपक शर्मा अपने पैसे का तकादा करने के लिए उनके घर गया था, जिसको लेकर दीपक तथा वसीम व आसिफ के विवाद हो गया। दीपक ने डायल 112 पर झगडे की सूचना कंट्रोल रूम को दी थी।
सूचना के कुछ समय बाद पीआरवी मौके पर पहुंच गई, जहां पर दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग इकठ्ठे हो गए। जब पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो दूसरे पक्ष द्वारा गमला फेंककर पुलिस पर हमला कर दिया गया। इसमें पीआरवी के चालक अमित कुमार के पैर में चोट लगने से वह घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक बृजलाल यादव ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपितों को पकड़ने का प्रयास किया तो वह भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
उपनिरीक्षक बृजलाल यादव ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए दीपक, वसीम व आसिफ तथा एक अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा पुलिस पर हमला करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तीनों वांछित आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अज्ञात आरोपित की तलाश में जुटी है।