नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला को प्रेमिका के चक्कर में एचआईवी पॉजिटिव बनाने वाले सीआरपीएफ के आरोपी जवान को पुलिस रिमांड पर लाएगी। जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी करीब तीन साल पहले हरियाणा के एक गांव में सीआरपीएफ के जवान से हुई थी।
उस समय जवान हैदराबाद में बतौर लैब एसिसटेंट कार्यरत था। उसका अपने साथ काम करने वाली एक महिला दारोगा से प्रेम प्रसंग हो गया। उससे शादी करने के लिए उसने अपनी पत्नी को इंजेक्शन लगाकर एचआईवी संक्रमित कर दिया था। इसके बाद पीड़ित को घर से भगा दिया और वापस न आने की बात कही।
पीड़िता ने सूरजपुर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सिपाही को दबोच लिया था और इस समय वह जेल में है। सीओ हरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी जवान को रिमांड पर लाकर उससे इंजेक्शन लगाने के बाद सीरिंज बरामद कराया जाएगा। इसके लिए अदालत में अर्जी दाखिल की गई है।