एसआईआर में छूटे मतदाताओं के लिए सभी मतदान केंद्रों पर फिर लगेंगे शिविर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में करीब 33 लाख प्रविष्टियों में विसंगतियां सामने आईं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, दिल्ली ने सोमवार को बताया कि इनमें से करीब 20 लाख मामलों का समाधान हो चुका है। उन्होंने पात्र मतदाताओं को भरोसा दिलाया कि जरूरी दस्तावेज के साथ आवेदन करने वाले किसी को भी सूची से बाहर नहीं रखा जाएगा।
निर्वाचन विभाग एसआईआर के दौरान पंजीकरण और समस्याओं के समाधान के लिए अभियान चला रहा है। 11 अक्तूबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगे। एसआईआर की पूरी अवधि में पंजीकरण शिविर आयोजित होते रहेंगे। पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 जमा करना होगा। ऑफलाइन आवेदन 31 अगस्त से 30 अक्तूबर तक किए जा सकते हैं।
फॉर्म-6 संबंधित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ), बीएलओ या निर्धारित मतदान केंद्र पर जमा कराया जा सकता है। आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज देना अनिवार्य है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि परेशानी होने पर वे निर्वाचन अधिकारियों से संपर्क करें।