दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा के हत्थे शुभकामना बिल्डर दिवाकर शर्मा आखिकर चढ़ ही गया। दिवाकर पर निवेशकों का पैसा लेकर ठगने का आरोप है। नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान ने बताया कि दिवाकर शुरू में बिल्डरों के होर्डिंग लगाने का काम करता था। बाद में उसने एक पार्टनर को पकड़ा और नोएडा व ग्रेटर नोएडा में प्रोजेक्ट के लिए प्लॉट ले लिए। अनुभव न होने के कारण थोड़े ही दिन में पार्टनर के साथ झगड़ा हो गया और प्रोजेक्ट आपस में बांट लिए गए।
पार्टनर ने भी निवेशकों को धोखा दिया जो पैसा मिला था, उसे अपनी पत्नी के नाम कर दिया। साथ ही, कानूनी पचड़ों से बचने के लिए पत्नी से तलाक भी ले लिया। इसके बाद दोनों गायब हो गए। दिवाकर ने भी निवेशकों को खूब लूटा, लेकिन अब पुलिस के शिकंजे में आ गया है। जरूरी है कि उसने जो पैसे छिपाया है, वह बरामद हो जाए और जिन लोगों ने फ्लैट बुक कराए थे, उनको पैसे वापस मिलें या फिर फ्लैट दिए जाएं।