गुरुग्राम में लाउडस्पीकर पर अजान विवाद मामले में नगर निगम ने कार्रवाई की है। नगर निगम ने तीन मंजिला इमारत में बनी मस्जिद को सील कर दिया है। पिछले सप्ताह मस्जिद में लाउडस्पीकर पर अजान को लेकर विवाद
हुआ था।
आपको बता दें कि पिछले सप्ताह शीतला कॉलोनी में मस्जिद में लाउडस्पीकर पर अजान को लेकर विवाद हुआ था। एक घर को मस्जिद का रूप देकर नमाज पढ़ने और लाउड स्पीकर पर अजान देने का विरोध हिंदू संगठनों ने किया था।
बुधवार रात हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने सेक्टर-5 थाना प्रभारी को इसकी शिकायत दी और इस पर तुरंत रोक लगाने की मांग की। उधर, घटना के विरोध में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मंडलायुक्त से मुलाकात की थी।
हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि शीतला कॉलोनी में एक तिमंजिला मकान को बिना मापदंडों को पूरा किए मस्जिद में तब्दील किया जा रहा है। तीनों मंजिलों पर नमाज पढ़ी जाने लगी है। कहा गया कि लाउडस्पीकर से अजान हो रही है। यह स्थान प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों में से नहीं है।