अब शहरवासी दुहाई से महरौली तक बिना चक्कर काटे सीधे आवागमन कर सकेंगे। जीडीए एनएच-58 पर दुहाई से लेकर एनएच-24 पर महरौली तक सीधी सड़क बनाने की तैयारी कर रहा है।
करीब 8.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण होने से मेरठ, मोदीनगर-मुरादनगर से विजय नगर, प्रतापविहार, नोएडा, दिल्ली की राह आसान हो जाएगी। दरअसल जीडीए दुहाई से सीधे मधुबन बापूधाम योजना के लिए सड़क बना रहा है।
इसके लिए हापुड़ रोड हरसांव से मधुबन बापूधाम आवासीय योजना व दुहाई तक सिंचाई विभाग की माइनर को पाटकर चार लेन की सड़क का निर्माण किया जा रहा है। हापुड़ रोड पर हरसांव से अवंतिका व महरौली के सामने तक चार लेन चौड़ी सड़क का निर्माण करने की योजना भी तेज हो गई है।
यहां से अवंतिका होते हुए से सीधे महरौली गांव के सामने इस सड़क का निर्माण किया जाएगा। रोड के निर्माण में बिजली के पोल बाधा बन रहे हैं। इन्हें हटाने के लिए प्राधिकरण की ओर से पावर कारपोरेशन को पत्र भेजा जा चुका है।
जीडीए मुख्य अभियंता वीके गोयल ने बताया कि दुहाई से हापुड़ रोड तक करीब 5.5 किलोमीटर लंबी सड़क बन रही है। हापुड़ रोड से महरौली तक करीब तीन किलोमीटर लंबी व चार लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। जिस पर 12 करोड़ खर्च होंगे। छह माह में निर्माण पूरा होगा