ग्रुप ए में यूपी और बंगाल के बीच खेला जा रहा रणजी मैच ड्रा की ओर बढ़ रहा है। शुक्रवार को मौसम साफ रहा और धूप खिली, मगर पिच के पास आउट फिल्ड गीला होने की वजह से अंपायरों ने तीसरे दिन के खेल को रद्द कर दिया।
शनिवार को मैच का अंतिम दिन है। ऐसे में मैच ड्रा की ओर बढ़ रहा है। बता दें कि बंगाल ने पहले दिन के खेल की समाप्ति पर चार विकेट खोकर 141 रन बना लिए थे।
शुक्रवार को यूपी और बंगाल के खिलाड़ी निर्धारित समय सुबह 8 बजे ग्राउंड पर पहुंच गए थे। मगर बृहस्पतिवार को दिन और रात में हुई बारिश के कारण आउट फिल्ड गीला था। खासकर बालिंग रनअप पर फिसलन थी, जो कि बॉलरों के लिए खतरनाक थी।
सुबह अंपायराें ने निरीक्षण के समय देखा कि पिच तो ज्यादा गीली नहीं थी, लेकिन इसके आसपास काफी फिसलन थी। लिहाजा मैच शुरू नहीं हो पाया। कर्मचारी काफी देर तक पिच और आसपास के एरिया को सूखाने में जुटे रहे।
जीसीए के अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने बताया कि लंच टाइम तक खिलाड़ी ग्राउंड में वार्मअप करते रहे। लंच के बाद अंपायराें ने दोबारा से पिच और ग्राउंड का निरीक्षण किया, लेकिन कंडीशन खेलने लायक नहीं थी।
इसके बाद तीन बजे मैच रेफरी मनु नायर, अंपायर नंद किशोर व के श्रीनिवासन ने ग्राउंड का अंतिम बार निरीक्षण किया, मगर उस वक्त भी ग्राउंड पूरी तरह से सूखा नहीं था। इन परिस्थितियों में यदि मैच कराया जाता तो गेंदबाजों को फिसलने का डर था। दोनों टीमों के कोच की सहमति से तीसरे दिन का खेल भी रद्द कर दिया गया।
खिलाड़ियों ने की मौज मस्ती
शुक्रवार को सूरज के दर्शन हुए। धूप में कुछ खिलाड़ियाें ने जहां फुटबाल खेली, वहीं कुछ खिलाड़ी ग्राउंड में चक्कर लगाते रहे। बंगाल के खिलाड़ियों ने ड्रेसिंग रूम में आराम फरमाते हुए आपस में खूब बातचीत की। दोपहर बाद वह भी मैदान में उतर गए।
टेस्ट टीम में दावेदारी करूंगा मजबूत: साहा
शानदार प्रदर्शन के बल पर आस्ट्रेलिया में इंडिया की टेस्ट टीम का रहे रिद्धिमान साहा ने खेल प्रेमियों के साथ चयनकर्ताओं का दिल जीता है। रिद्धिमान साहा बंगाल टीम के स्थायी विकेट कीपर हैं। रिद्धिमान ने बताया कि इंडियन टेस्ट टीम में अपने परफॉरमेंस के आधार पर स्थायी जगह बनाऊंगा।
वह धोनी की जगह यह जिम्मेदारी संभालने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं। फिलहाल टारगेट यही है कि अच्छा खेलूं और बंगाल को जीताऊं। रणजी में बंगाल के अभी तक दस प्वाइंट हो चुके हैं।