नीट पेपर लीक मामले में निष्पक्ष सीबीआई जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और एनटीए में व्यापक सुधार की मांग
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को युवाओं और पार्टी के संघर्ष का जीत बताया है। कांग्रेस ने नीट पेपर लीक मामले में निष्पक्ष सीबीआई जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और एनटीए में व्यापक सुधार की मांग की है। दूसरी ओर कांग्रेस ने पटौदी में शनिवार काे भी प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष वर्धन यादव ने इसे देश के करोड़ों युवाओं, परीक्षार्थियों और कांग्रेस के संघर्ष की बड़ी जीत बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से छात्र न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। अंततः सरकार को झुकना पड़ा। वर्धन ने कहा कि देशभर में छात्रों और उनके अभिभावकों ने कठिन परिस्थितियों में भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए, लेकिन सरकार ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया। प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की गई और उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया गया।
राहुल गांधी के नेतृत्व में सड़क से संसद तक लड़ी लड़ाई : निशित
हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया के कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मुद्दे को लगातार मजबूती से उठाया। युवा कांग्रेस गुरुग्राम समेत कई शहरों में इसे लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा इस मामले का अंत नहीं, बल्कि पहला कदम है। कांग्रेस की मांग है कि पूरे नीट पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच तथा धांधली में शामिल सभी लोगों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो।
जनता और आंदोलनरत छात्रों की बड़ी जीत : डाबर
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को देश की जनता और आंदोलनरत छात्रों की बड़ी जीत बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं पर लाठियां बरसाकर और विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेकर अपनी जीत समझ रही थी, आखिरकार सरकार को देश के आगे झुकना पड़ा।
पटौदी में प्रदर्शन
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी के नेतृत्व में जाटौली स्थित शनिवार की सुबह महचाना मोड़ पर काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता इकट्ठे होकर पेपर लीक,परीक्षा अनियमिताओं एवं शिक्षा के पतन के खिलाफ शांतिपूर्वक विरोध मार्च निकाला।