प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह ने दावा किया है कि किसी भी वारदात की सूचना मिलने के दस मिनट के अंदर पब्लिक रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) मौके पर पहुंच जाएगी। शनिवार को उन्होंने बिसरख में डायल-100 की 88 बाइक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें से गौतमबुद्ध नगर जिले को 41 पल्सर बाइक मिलेंगी जबकि 47 मोटरसाइकिलें गाजियाबाद पुलिस को सौंपी जाएंगी। इस मौके पर डीजीपी ने कहा कि बीते छह माह में पूरे प्रदेश में अपराध में कमी आई है।
डीजीपी ने कहा कि जिन ग्रामीण क्षेत्रों की संकरी गलियों में चार पहिया वाहन नहीं पहुंच सकते वहां भी डायल-100 की बाइक दस मिनट में पहुंचेगी। उन्होंने दावा किया कि डायल 100 की बाइक बोलेरो व इनोवा के मुकाबले कम नहीं हैं। हर सुविधा से लैस बाइक से वारदात को अंजाम देकर फरार होने वाले बदमाशों का पीछा भी किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि डायल-100 पर एफआइआर दर्ज करने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। डीजीपी के मुताबिक डायल-100 पर रोजाना करीब 60 हजार कॉल्स आती हैं। उन्होंने कहा कि 2016 में पीआरवी का रिस्पांस टाइम 23 मिनट था जो कि बाद में घटकर 14 मिनट हो गया है। अब रिस्पांस टाइम को घटाकर 10 मिनट करने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए पुलिसकर्मियों को दो माह का प्रशिक्षण देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।