अलीपुर स्थित गर्वनमेंट ब्वॉयज स्कूल में बदइंतजामी पाए जाने पर प्रिंसिपल समेत तीन अधिकारियों पर गाज गिरी है। सरकारी स्कूलों में इसकी जवाबदेही तय करते हुए दिल्ली सरकार ने जिला उपशिक्षा निदेशक (नॉर्थ ईस्ट) नीना कुमारी और जिला शिक्षा अधिकारी के.केसोरटे को निलंबित कर दिया है।
इसके साथ ही प्रिंसिपल आशाराम को बर्खास्त करने और लैब सहायक रामबीर सिंह दहिया को जबरन रिटायर करने के आदेश दिए हैं। उपमुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया शुक्रवार को दोपहर गवर्नमेंट ब्वॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण में उन्होंने पाया कि स्कूल में दस कमरे बंद पड़े हैं और एक ही हॉल में चार कक्षाएं चलाई जा रही हैं। कमरे में कूड़े का ढेर लगा है। कई कमरे शिक्षकों और कर्मचारियों की मोटर साइकिलें खड़ी करने के काम आ रहे हैं। कक्षाओं के जाले कई वर्षों से हटाए नहीं गए।