लंबित मांगों पर सुनवाई नहीं होने से नाराज तीनों एमसीडी के 3500 डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स (डीबीसी) कर्मियों ने सोमवार से सिविक सेंटर पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। एंटी मलेरिया एकता कर्मचारी यूनियन के बैनर तले यह निर्णय लिया गया।
एक साथ तीनों निगमों के डीबीसी कर्मियों के विरोध की वजह से मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि पिछले करीब 10 दिनों से निगमों की ओर से उन्हें लगातार जल्द सुनवाई का आश्वासन दिया जा रहा है।
यूनियन केे महामंत्री मदन पाल ने बताया कि वेतन बढ़ोतरी, नियमित करने, पीएफ, डीबीसी के अलावा दूसरे कार्यों पर जबरन न भेजने, मृतक आश्रितों को नौकरी, पिछले आंदोलन और विरोध प्रदर्शन के दौरान जिन बिंदुओं पर सहमति बनी थी उन्हें लागू करने की मांग उठाई जा रही है।
इस संबंध में कई बार अधिकारियों से बातचीत की गई, लेकिन आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला। मजबूरन डीबीसी कर्मियों ने धरना प्रदर्शन का निर्णय लिया है। वहीं बताया जा रहा है कि धरना, प्रदर्शन को लेकर कर्मचारी दो धड़ों में बंटे हुए हैं। सोमवार के विरोध प्रदर्शन के दौरान हकीकत सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।