गुड़गांव सीएनजी ऑटो वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में बुधवार को सीएनजी ऑटो चालकों ने अपने साथी चालक की गैंगवार के दौरान हुई हत्या के मामले में न्याय को लेकर लघु सचिवालय के सामने प्रदर्शन किया।
उपायुक्त को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। 15 दिन के भीतर न्याय न मिलने पर चार-आठ मरला में एकत्रित होंगे। जिसके बाद वह अगली रणनीति का खुलासा करेंगे।
गुड़गांव-महरौली रोड पर गैंगवार के चलते हुई गोलीबारी में मारे गए बेकसूर कमल डांग के परिवारजनों को 60 लाख रूपये के मुआवजे की मांग की है।
इसके साथ ही उसके छोटे भाई कपिल डांग को सरकारी नौकरी देने और हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कमल डांग के दादा चुन्नी लाल से मृतक के पार्थिव शरीर को देने के लिए चार हजार रूपए रिश्वत मांगी गई, ऐसा करने वाले पुलिस अधिकारी को सख्त सजा दी जाए।
यदि सरकार इन मांगों को पूरा नहीं करती है तो गुड़गांव सीएनजी ऑटो वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी आगामी रणनीति के लिए नौ अगस्त को बैठक करेंगे। मांगे पूरी न होने पर ऑटो चालक सड़क पर उतरने में भी गुरेज नहीं करेंगे।
इस अवसर पर गुड़गांव सीएनजी ऑटो चालक वेलफेयर एसोसिएशन के संरक्षक योगेश शर्मा, जिला प्रधान महाबीर सिंह, हरियाणा नवनिर्माण सेना के राष्ट्रीय प्रचार सचिव विशाल भारद्वाज, कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता खजान सिंह एडवोकेट, आम आदमी पार्टी के अभय जैन, एडवोकेट विकास वर्मा, कांग्रेसी नेता आजाद सिंह अहलावत, प्रदीप दहिया, कृष्णबीर सिंह चौहान, शराफत अली, मजदूर संघ के जिला प्रधान पवन चौधरी, कामरेड सतबीर सिंह, सुभाष अदलखा, तिलकराज चावला, शिव सेना से रीतु राज, शिव सिंह प्रधान, प्रदीप सिंह दहिया, अतर सिंह संधु, आजाद सिंह अहलावत, ओम प्रकाश पांचाल, गोपाल प्रधान सहित कई लोग मौजूद रहे।
परिजनों को दी सहायता
वेलफेयर एसोसिएशन के माध्यम से ऑटो एन कैब कम्पनी के प्रभात श्रीवास्तव ने अपनी कम्पनी की ओर से 25 हजार रूपये की आर्थिक सहायता डांग के परिवार को दी।