गाजियाबाद के लोनी शकलपुरा गांव में रविवार सुबह 40 गांव के लोगों ने महापंचायत कर भाजपा नेता गजेंद्र भाटी हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने की मांग की। लोगों ने पुलिस पर पूर्व विधायक और अन्य लोगों को षड्यंत्र के तहत फंसाने का आरोप लगाया है।
सुबह करीब नौ बजे शकलपुरा गांव में महापंचायत शुरू हुई। इसमें लोगों ने कहा कि गजेंद्र भाटी हत्याकांड के मामले में पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा, नरेंद्र फौजी और राजू पहलवान को षड्यंत्र के तहत फंसाया गया है। दो सितंबर को नरेंद्र फौजी अपनी बेटी की विदाई में लगे हुए थे।
सुबह सात बजे से देर शाम तक वह गांव में मेहमानों की आवभगत में लगे रहे। उधर राजू पहलवान की पत्नी गीता ने बताया कि घटना के दिन वह सुबह दस बजे से एक बजे तक मॉल में थे। पुलिस ने एनकाउंटर की धमकी देकर उनसे जबरन जुर्म का इकबाल कराया है।
महापंचायत के दौरान 40 गांव के जनप्रतिनिधियों ने एक कमेटी का गठन भी किया। महापंचायत में गजेंद्र भाटी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया। कमेटी ने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर केस की सीबीआई जांच कराने की मांग की। महापंचायत में धीरज सिंह, बब्ली, फूल सिंह, उदयवीर, नरेंद्र, उधम सिंह, शिवानंद, रणवीर, सुभाष, राजू आदि रहे।