संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित माउंट कैलाश सोसाइटी के निवासियों ने सोसाइटी के मुख्य गेट के पास बने रैन बसेरे को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की है। इस संबंध में स्थानीय निवासियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पत्र भेजा है। निवासियों ने कहा कि बीते 10 वर्षों से रैन बसेरा है, जिस कारण सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याएं बढ़ रहीं हैं।
स्थानीय निवासी लव चौधरी ने बताया कि रैन बसेरा जिस जगह बना है, वह हमारी सोसाइटी का मुख्य मार्ग है। यह जगह इस तरह की सुविधा के लिए ठीक नहीं है। यहां रहने वाले कुछ लोग आसपास कूड़ा कचरा फैला देते हैं और नशा करते हुए भी दिखाई देते हैं। इससे परिवारों को परेशानी होती है।
सोसाइटी निवासी रीना ने बताया कि रैन बसेरा होना जरूरी है, लेकिन उसकी जगह भी सही होनी चाहिए। हालांकि, इस मामले में प्रशासन का कहना है कि जल्द ही रैन बसेरे को किसी और जगह शिफ्ट कर दिया जाएगा।