-ग्रीन बेल्ट के रखरखाव की राशि 2.75 रुपये प्रति मीटर से नगर निगम की तर्ज पर 4.85 रुपये करने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मजदूरी दर में वृद्धि के नए नियम लागू हुए हैं। इसे देखते हुए आरडब्ल्यूए संगठनों ने जीएमडीए से ग्रीन बेल्ट और पार्कों के रखरखाव की राशि बढ़ाने की मांग की है। पुराने शहर से सेक्टर 23 ए की आरडब्ल्यूए अध्यक्ष नीरू यादव ने जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा से मुलाकात की। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने सरकारी दर के अनुसार राशि बढ़ाने का आश्वासन दिया है।
आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने जीएमडीए को पत्र भी लिखा है। उन्होंने न्यू गुरुग्राम के पार्कों और उपेक्षित ग्रीन बेल्ट के रखरखाव दर में संशोधन को आवश्यक बताया। न्यू गुरुग्राम से सेक्टर 92 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रवीण मलिक ने इस पर बात की। उन्होंने बताया कि अर्बन लोकल बॉडीज (यूएलबी) ने वर्ष 2022 में 4 रुपये प्रति वर्ग मीटर राशि तय की थी। यह राशि हर साल 5 फीसदी बढ़ाई जानी थी। मगर जीएमडीए ने इसे घटाकर 2 रुपये 75 पैसे प्रति वर्ग मीटर कर दिया। गुरुग्राम और न्यू गुरुग्राम में आरडब्ल्यूए की देखरेख वाले पार्कों को यही राशि मिल रही है।
मजदूरी वृद्धि का प्रभाव
अप्रैल 2026 में हरियाणा सरकार ने न्यूनतम मजदूरी दर बढ़ाई। इसके साथ पीएफ की राशि देना भी तय किया गया। इसे देखते हुए नगर निगम ने रखरखाव राशि 4.85 रुपये प्रति वर्ग मीटर तय की है। राइजिंग होम्स सोसाइटी आरडब्ल्यूए वर्ष 2022 से 5,460 वर्ग मीटर ग्रीन बेल्ट का रखरखाव कर रही है। न्यूनतम मजदूरी और पीएफ खर्च बढ़ने से जीएमडीए की वर्तमान राशि काफी कम पड़ जाएगी।