-पैराडाइज अपार्टमेंट्स की ओर से सचिव उमेश चतुर्वेदी ने बिजवासन के विधायक कैलाश गहलोत को पत्र लिखकर यह अनुरोध किया
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। द्वारका के सेक्टर 8, 9 और आसपास के इलाकों के निवासियों ने दिल्ली सरकार की प्रस्तावित अंडरपास योजना को मलेरिया ऑफिस, सेक्टर-8 तक बढ़ाने की मांग उठाई है। सेक्टर-9 के पैराडाइज अपार्टमेंट्स की ओर से सचिव उमेश चतुर्वेदी ने बिजवासन के विधायक कैलाश गहलोत को पत्र लिखकर यह अनुरोध किया है। पत्र के अनुसार, दिल्ली सरकार पालम रेलवे क्रॉसिंग से राजनगर पार्ट-2 तक अंडरपास बनाने की योजना बना रही है। निवासियों का कहना है कि अगर इस अंडरपास को सेक्टर-8 के मलेरिया ऑफिस तक बढ़ा दिया जाए, तो द्वारका के सेक्टर 8, 9, 11, 19, 20, 21, 22, 23, 24 और 25 के बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित होंगे।
निवासियों ने कहा कि पालम ब्रिज पर लगने वाला पुराना और पूराने ट्रैफिक जाम तभी पूरी तरह हल होगा, जब अंडरपास को मलेरिया ऑफिस तक ले जाया जाए। चूंकि ऐसे बड़े प्रोजेक्ट 25-30 साल की योजना को ध्यान में रखकर बनते हैं, इसलिए अभी से इसे लंबा करना बेहतर रहेगा। पैराडाइज अपार्टमेंट्स ने दिल्ली सरकार की इस पहल को अच्छा कदम बताया है, लेकिन साथ ही अनुरोध किया है कि अंडरपास का निर्माण मलेरिया ऑफिस, सेक्टर-8 तक किया जाए। उनका कहना है कि इससे द्वारका के बड़े हिस्से के निवासियों को रोजाना जाम से राहत मिलेगी। पत्र में निवासियों ने विधायक से अनुरोध किया है कि वे इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करें।